दिल्ली एयरपोर्ट पर धूल भरी आंधी के बाद 50 फ्लाइट हुईं लेट
यात्रियों को एयरपोर्ट पर कई घंटे फंसे रहना पड़ा
नई दिल्ली। नई दिल्ली में शुक्रवार को देर शाम शहर में धूल भरी आंधी के चलते दिल्ली के एयरपोर्ट के हालात बिगड़ गए। सैकड़ों यात्रियों को लम्बा इंतजार का सामना करना पड़ा, कई फ्लाइटें हुईं लेट और कुछ रद्द भी कर दी गई। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान परिचालन में भारी विघ्न आने से फ्लाइटें ठप हो गईं और यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही फंसे रहना पड़ा। एयरपोर्ट पर हुई अव्यवस्था के चलते यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया। कई लोगों ने अपने अकाउंट से बोर्डिंग गेट पर भीड़भाड़ वाली तस्वीरें शेयर कीं। एक यूजर ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयर इंडिया को टैग करते हुए लिखा, सबसे खराब मैनेजमेंट, गलत जानकारी देने वाला विश्व स्तरीय अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा। बस स्टैंड से भी बदतर। इस पर एअर इंडिया ने जवाब कहा कि कंपनी यात्री की समस्या समझ रही है, लेकिन खराब मौसम के प्रतिकूल प्रभाव के कारण उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
स्टाफ सभी यात्रियों की सहायता करने के लिए पूरी क्षमता से कोशिश कर रहा है। एक और यात्री ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा- यात्रियों के साथ जानवरों से भी बुरा व्यवहार। इंडिगो को भी इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने उड़ानों के लगातार रिशेड्यूलिंग की शिकायत की। एक यूजर ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा- कोलकाता से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की 6ई 2198 फ्लाइट को शाम से 6 बार रिशेड्यूल किया गया। लोग पहले से ही इसके लिए 6 घंटे देरी से आ रहे हैं, क्या आप अब पैसे वापस करने जा रहे हैं?