शिवपुरी के डैम से छह शव निकाले गए, इनमें तीन बच्चे भी, एक की तलाश जारी, 15 श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी थी
शिवपुरी। मप्र के शिवपुरी जिले के रजावन गांव के पास स्थित माता टीला डैम श्रद्धालुओं से भरी नाव पलट गई। नाव में 15 लोग सवार थे, जिनमें से आठ को बचा लिया गया है। एक महिला श्रद्धालु का शव करीब 17 घंटे बाद बाहर निकाला गया है, इसके बाद दो बच्चे शिवा और कान्हा के शव बाहर निकाले गए। दोपहर करीब एक बजे तक सात लापता श्रद्धालुओं में से छह के शव बरामद कर लिए गए हैं। बाकी एक लापता की तलााश की जा रही है। एसडीआरएफ के 15 जवान रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं। विदिशा और मुरैना से गोताखोर भी बुलाए गए हैं। शिवपुरी कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि माता टीला डैम में 15 श्रद्धालुओं से भरी नाव डूब गई। नाव सवार सभी लोग टापू पर बने मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इस दौरान नाव हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद आठ में से कुछ लोग खुद बाहर आ गए और कुछ को बचा लिया गया। लेकिन, सात लोग लापता थे। दोपहर एक बजे तक छह के शव बरामद कर लिए गए हैं। एक की तलाश की जा रही है। एसडीआरएफ समेत अन्य टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं। जानकारी के अनुसार माता टीला डैम में नाव पलटने के बाद सात लोग लापता हो गए थे। इनमें तीन महिलाएं और चार बच्चे शामिल थे। जिनकी तलाश में सुबह से ही रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे शारदा पति इमरत लोधी (55) का शव पानी से बाहर निकाला गया। इसके कुछ देर बाद दो बच्चों कान्हा ओर शिवा का शव बाहर निकाला गया। अब तक छह लापता लोगों के शव निकाले जा चुके हैं।