सीएम राइज स्कूल अब कहलाएंगे सांदीपनी स्कूल, सीएम मोहन यादव ने भोपाल में किया ऐलान
सीएम बोले-यह नाम अंग्रेजों के जमाने जैसा, स्कूल चलें हम अभियान शुरू
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विकसित किए गए सीएम राइज स्कूलों का नाम अब बदल जाएगा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज ‘स्कूल चलें हम’ अभियान 2025 के तहत भोपाल के अरेरा कॉलोनी स्थित शासकीय नवीन उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने न्यू एडमिशन वाले विद्यार्थियों का स्वागत किया। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई बड़े ऐलान किए। जिसमें उन्होंने सीएम राइस स्कूलों के नाम को बदलकर अब सांदीपनी स्कूल के नाम करने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि है कि सीएम राइज स्कूल का नाम ऐसा लगता था जैसे अंग्रेजों के जमाने का हो, इसलिए इसे बदलकर सांदीपनि ऋषि के नाम पर किया गया है।
क्या शिक्षा प्रणाली में दिखेगा उज्जैन का रंग
दरअसल सीएम मोहन यादव ऐतिहासिक नगरी उज्जैन से ताल्लुक रखते हैं। जहां अनेक प्राचीन विरासतें मौजूद हैं जिनमें से एक भगवान कृष्ण के गुरू सांदीपनी का आश्रम भी है। सीएम के इस ऐलान के पीछे बड़ी वजह यही मानी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान सीएम डॉ. यादव ने कहा कि मेरी शिक्षा दीक्षा सरकारी स्कूल से हुई है। सरकारी स्कूल में पढ़ने के बाद भी प्रतिभा में कोई फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा शिक्षा की महत्वता श्री कृष्ण ने समझाई, कंस को मारने के बाद शिक्षा ग्रहण की। स्कूल के उदाहरण जीवन में काम आते हैं,सुदामा की स्कूल की मित्रता कृष्ण ने निभाई।
महान विभूतियां सरकारी स्कूलों में ही पढ़ीं
सीएम मोहन ने कहा कि नरेंद्र मोदी, अब्दुल कलाम, डॉ राजेंद्र प्रसाद, लाल बहादुर शास्त्री जैसे हजारों उदाहरण है, जिन्होंने सरकारी स्कूलों से पढ़ाई की। इसी तरह के और भी हमारे देश के लोग हैं जो सरकारी स्कूलों में पढ़े और देश का नाम रोशन किया। इसलिए सरकारी स्कूल को कम नहीं समझना चाहिए। दुनिया आपका इंतजार कर रही है। आप देश प्रदेश का नाम बढ़ाए।