मौसम विभाग के अनुसार सर्दी के इस सीजन में पहली बार राजस्थान के गंगानगर, पंजाब के पटियाला और चंडीगढ़, हरियाणा के अंबाला, दिल्ली के पालम और सफदरजंग, यूपी के बरेली, लखनऊ, बहराईच, वाराणसी, प्रयागराज और तेजपुर (असम) में शून्य मीटर दृश्यता दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले दो दिनों तक शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है। जबकि पूरे सप्ताह सुबह के समय कोहरा छाए रहने का अनुमान है। दिन में बादल छाए रहने से रात का तापमान मामूली बढ़ सकता है। अनुमान है कि 11 जनवरी तक न्यूनतम तापमान बढ़कर सात डिग्री तक पहुंच सकता है। जबकि अधिकतम तापमान स्थिर रहने का अनुमान है। शनिवार सुबह का तापमान इस सीजन में सबसे कम दर्ज किया गया। यह शुक्रवार के मुकाबले 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। जो सामान्य से चार डिग्री कम है। शनिवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। 11 बजे तक ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन महसूस हुई। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप खिली। उसके बाद धूप ने पूरे दिन आंख मिचौली खेली। शाम होते ही तापमान गिर गया।