नई दिल्ली। पूरा उत्तर भारत ठंड और घने की कोहरे की चपेट में हैं। उप्र और बिहार में गलन वाली ठंड है। यहां घर से बाहर निकलने पर ऐसा लगता है कि हाथ ठंड से गल जाएंगे। वहीं दिल्ली और एनसीआर में घना कोहरा होने के कारण लोगों को घर से न निकलने की चेतावनी दी गई है। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में तापमान लगभग शून्य डिग्री तक पहुंच गया है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में दोपहर में धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है।
राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली में जनवरी महीने में पहली बार न्यूनतम पारा पांच डिग्री से नीचे आया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा। आईएमडी ने अगले दो दिनों के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड जारी है। कोहरे से भी आम जनजीवन प्रभावित है। आईएमडी ने कई जिलों में कोल्ड डे जारी किया है। नोएडा-गाजियाबाद के लोग भी कड़ाके की ठंड से परेशान हैं। इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ मौसम साफ रहने के आसार हैं। वहीं बिहार में सर्द पछुआ हवाओं के कारण शीतलहर के हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक स्थिति में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में भारी गिरावट आ सकती है। मैदानी इलाकों में भी तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, वीकेंड पर दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलग-अलग इलाकों में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर जारी रहेगी। मौसम विभाग ने शनिवार को कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी का अनुमान जताया है।
स्काईमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान 24 घंटे के बाद बढ़ने लगेगा। गंगा के मैदानी इलाकों में कोहरे की तीव्रता में कमी आएगी। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 11 जनवरी को राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। 11 और 12 जनवरी को उत्तर प्रदेश, उत्तर मध्य प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ेंगी। 11 और 12 जनवरी के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.