बाबा साहेब के नाम पर सियासत, पटवारी बोले- शाह ने किया अपमान, भाजपा ने किया पलटवार

21
इंदौर। डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की आज 134वीं जयंती है। प्रदेशभर में उनके अनुयायी इसका जश्न मना रहे हैं। उनकी जन्म स्थली महू में सीएम मोहन यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए हैं। दूसरी तरफ बाबा साहेब के नाम पर सियासत भी जारी है।
बता दें कि महू पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधा है। पटवारी ने कहा कि कल अमित शाह जी भोपाल में थे, उन्हें यहां आकर नाक रगड़कर माफी मांगनी चाहिए थी। उन्होंने बाबा साहेबा का अपमान किया है। सीएम आ रहे हैं, मुख्यमंत्री यहां शपथ लेते हैं और माफी मांगते हैं तो मैं मानता हूं इस बात कि इन्होंने बाबा साहेबा का जो अपमान किया. उसका इन्हें प्रायश्चित है। पटवारी ने कहा कि भाजपा इतिहास की बात करती है, कब्रों की बात करती है, पांच हजार साल पहले की बात करती है, पर कांग्रेस आने वाले समय की बात करती है। मोदीजी ने कहते हैं सबका साथ, सबका विश्वास, पर अंबानी और अडानी का विकास हुआ है। ये कैसा देश बन रहा है। 13 प्रतिशत लोगों के पास देश की 80 प्रतिशत संपत्ति चली गई, 78 प्रतिशत लोगों के पास 20 प्रतिशत संपत्ति बची है। लोग महंगाई से त्रस्त हैं। लोग दुखी हैं, तो ये दो भारत बन रहे हैं। इसका कोई दोषी है तो वे ये सरकार है, नरेंद्र मोदी हैं। पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र की मज़बूती, हर भारतीय के समान अधिकार, हर वर्ग की हिस्सेदारी व संविधान की रक्षा की लड़ाई में बाबा साहब की शिक्षाएं हमेशा प्रेरणा देती रहेंगी।

भाजपा का पलटवार
बाबा साहेब को लेकर भाजपा नेताओं ने भी कांग्रेस पर जमकर गुस्सा निकाला। महू पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बाबा साहेब भारत की लोकतांत्रिक चेतना के अमिट दीपस्तंभ थे। उनका जीवन संघर्ष, वंचितों के उत्थान की वह अमर कथा है, जो आने वाली पीढ़ियों को समानता, न्याय और अधिकारों के लिए सजग बनाती रहेगी। विजयवर्गीय ने कहा कि बाबा साहेब के लिए कांग्रेस ने क्या किया। इस पवित्र स्मारक को बनाने का श्रेय मुझे मिला था। मैं गौरवान्वित महसूस करता हूं। कांग्रेस ने बाबासाहेब को भारत रत्न नहीं दिया। उनको लोकसभा में भी जाने नहीं दिया गया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आग्रह पर तत्कालीन बीपी सिंह सरकार ने डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न दिया।

कांग्रेस करती है ढकोसला
भोपाल में मंत्री विश्वास सारंग ने भी आंबेडकर को नमन किया और कांग्रेस पर हमला बोला। सारंग ने कहा कि हम तो हर समय आंबेडकरजी को आत्मसात करते आए हैं। बाबा साहेब की जन्म स्थली महू में कांग्रेस ने क्या किया। इतने साल सत्ता में रहे पर कोई विकास क्यों नहीं किया। महू को तीर्थ बनाने का काम किया तो भाजपा ने किया। जो स्थान आंबेडकर यादों से जुड़े हैं, उन्हें भाजपा ने तीर्थ जैसा बनाया है। कांग्रेस ने हर समय आंबेडकरजी का अपमान किया। खासकर नेहरूजी ने पूरी जिंदगी आंबेडकरजी की खिलाफत की। उन्हें लोकसभा तक में नहीं पहुंचने दिया। जब आंबेडकरजी चुनाव लड़े तो स्वयं नेहरूजी उनके खिलाफ चुनाव प्रचार करने गए थे। कांग्रेस ने बाबा साहेब के नाम का उपयोग किया, दुरुपयोग किया पर उनके प्रति कभी कृतज्ञता ज्ञापित नहीं की। कांग्रेस सिर्फ ढकोसला करती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.